top
अयोध्या में मीरा मांझी के घर पहुंचे महापौर:11 सौ रुपए की मदद दी, मीरा की आर्थिक स्थिति पर सियासत तेज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या दौरे के दौरान उनके घर चाय पीने के बाद चर्चा में आईं मीरा मांझी की आर्थिक स्थिति को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और सपा नेताओं की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी गुरुवार को कंधरापुर स्थित मीरा मांझी के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार की समस्याएं सुनीं और 11 सौ रुपए की आर्थिक सहायता दी। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के अयोध्या आगमन के बाद मीरा मांझी को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड सहित कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उनके बैंक लोन की किस्तों से जुड़ी समस्या पर भी अधिकारियों से बातचीत की गई थी। महापौर बोले- हालचाल नहीं लेना मेरी भी चूक महापौर ने स्वीकार किया कि पिछले तीन-चार महीने से मीरा मांझी का हालचाल नहीं ले पाना उनकी भी चूक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार की जरूरतों को समझकर समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर चंदा जुटाकर भी मदद की जाएगी। सपा नेता पहले दे चुके हैं 50 हजार मीरा मांझी की आर्थिक स्थिति को लेकर सियासी बयानबाजी के बीच सपा नेता पवन पांडेय भी उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी थी। इसके बाद महापौर के पहुंचने से मामला फिर चर्चा में आ गया है। मीरा मांझी ने कहा कि महापौर ने उनकी परेशानियां दूर करने का भरोसा दिया है। अब परिवार को उम्मीद है कि आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए किए गए आश्वासन पर आगे कार्रवाई होगी।
Read full article on Bhaskar