crime
अवैध शराब की सूचना पर आबकारी टीम पर हमला:दो सिपाही घायल, लाठी-डंडों और रॉड से पीटा; 5 नामजद समेत अज्ञात पर केस
चित्रकूट के कर्वी कोतवाली क्षेत्र के डीलौरा गांव में अवैध कच्ची शराब बनाने और बेचने की सूचना पर आबकारी टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान करीब 10-15 लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने आबकारी कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से मारपीट की। इस हमले में आबकारी सिपाही सागर के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, शिवसागर के हाथ और उंगलियां घायल हो गईं। मामले में पांच लोगों को नामजद करते हुए 9-10 अज्ञात के खिलाफ कर्वी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कर्वी प्रणव कुमार पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को वह प्रधान आबकारी सिपाही रोहित गहलोत, शमशेर अली, धर्मेंद्र राजपूत, महिला आबकारी सिपाही सुमित्रा देवी और चालक प्रेम नारायण जायसवाल के साथ निकले थे। टीम सरकारी वाहन से क्षेत्र में अवैध शराब बनाने और ले जाने से रोकने के लिए निकली थी। टीम डीलौरा से गढ़ीवा जाने वाले मार्ग के तिराहे पर पहुंची। वहां कुछ अन्य आबकारी कर्मचारी भी उनसे मिले। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि मनोज कुमार गुप्ता की प्लॉटिंग के पास विजय निषाद, पुरुषोत्तम उर्फ राजा, जानकी निषाद, सुक्खू निषाद और देशराज निषाद अवैध कच्ची शराब बना और बेच रहे हैं। इस सूचना पर टीम शाम करीब 6:10 बजे बताए गए स्थान पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। शिकायत के अनुसार, तभी करीब 10-15 लोग वहां आ गए। उन्होंने आबकारी टीम को शराब का काम बंद कराने को लेकर गालियां देना शुरू कर दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से टीम पर हमला कर दिया।जब टीम ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे सभी मौके से भाग गए। हमले के बाद सिपाही सागर के सिर से खून निकल रहा था। शिवसागर के हाथ और उंगलियों में भी चोटें थीं। पुलिस ने विजय निषाद, पुरुषोत्तम उर्फ राजा, जानकी निषाद, सुक्खू निषाद और देशराज निषाद समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Read full article on Bhaskar