politics
अशोकनगर में शराब दुकान पर महिलाओं का हमला:पेटियां तोड़कर सड़क पर फेंकी शराब, छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप
अशोकनगर के चंदेरी क्षेत्र के चुरारी गांव में बुधवार को करीब 50 महिलाओं ने शराब दुकान के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने दुकान पर लाठियों से हमला कर दिया। शराब की पेटियां बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दीं और लाठियों से तोड़ दिया। दुकान की खिड़की में भी तोड़फोड़ की गई। सड़क पर शराब फैल गई। दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन घटना चुरारी गांव चौराहे पर चल रही शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर हुई। बुधवार दोपहर गोरा कला गांव की महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। छात्राओं की सुरक्षा का हवाला ग्रामीणों ने बताया कि चुरारी गांव चौराहे से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सरकारी हाईस्कूल है। गोरा कला गांव की छात्राएं इसी स्कूल में पढ़ने जाती हैं। स्कूल आने-जाने के लिए उन्हें चौराहे से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास शराब पीने वाले कुछ लोग छात्राओं को देखकर गाली-गलौज और गलत बातें करते हैं। इससे छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए शराब दुकान हटाने की मांग पहले भी पुलिस और प्रशासन से की गई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद दुकान अब तक नहीं हटाई गई है।
Read full article on Bhaskar