crime
अनूपपुर: तीन दिन से लापता अधेड़ का शव मिला:गूझी गांव में खेत देखने गया था, तालाब में मिली लाश
अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के गूझी गांव में तीन दिन से लापता एक अधेड़ का शव तालाब में मिला है। बुधवार शाम ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद पुलिस ने रात में उसे बाहर निकाला। गुरुवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बैहार गांव निवासी 46 वर्षीय चंदू बैगा पुत्र बैसाखू बैगा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, चंदू बैगा 17 अगस्त को पड़ोसी गूझी गांव स्थित अपने खेत देखने गया था, जिसके बाद से वह लापता था। परिजनों ने दो दिनों तक उसकी लगातार खोजबीन की थी। सरपंच ने पुष्टि जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि शव पानी में फूल गया था, जिससे पहचान में परेशानी हुई। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज न होने के कारण भी पहचान में विलंब हुआ। बाद में ग्रामीणों की मदद से परिजनों को बुलाया गया। 19 अगस्त की दोपहर ग्रामीणों ने गूझी गांव के तालाब में एक शव देखा, जिसकी सूचना जैतहरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और रात के समय शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाया। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी के मर्चुरी में रखवाया गया। सरपंच सम्भर बैगा ने भी लापता होने की पुष्टि की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Read full article on Bhaskar