crime
अमझेरा में लूट और चोरी की 3 वारदातों का खुलासा:3 आरोपी गिरफ्तार, बाइक, चांदी का कड़ा और 2600 रुपए बरामद, एक फरार
धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट और चोरी की तीन वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस के मुताबिक, 6 अप्रैल की रात ग्वालमगरी गौशाला रोड पर लबरावदा निवासी सीताराम पाटीदार अपने दोस्त राजाराम पाटीदार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाश बाइक, दो मोबाइल, 120 रुपए और चांदी का कड़ा लूटकर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने सचिन उर्फ चच्चु, दीपक उर्फ दिपु और रंगा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने इस लूट के अलावा फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से चोरी की दो वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। फाइनेंस कर्मचारियों से दो जगह चोरी की बात पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 3 जून को नयापुरा में एलएनटी फाइनेंस कर्मचारी सपना साकरिया की स्कूटी की डिक्की से 47 हजार 150 रुपए और बायोमेट्रिक मशीन चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा, 5 जुलाई को कैली में फाइनेंस कर्मचारी रवि लंववशी की बाइक पर रखे बैग से 58 हजार रुपए चोरी करने की बात भी पुलिस पूछताछ में सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से लूट में इस्तेमाल बाइक (एमपी 11 जेडएल 6930), चांदी का कड़ा और 2,600 रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बाकी रकम खर्च कर दी गई। इस मामले में मनावर चौराहा, अमझेरा निवासी करण गोसर फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Read full article on Bhaskar