crime
अजमेर में मिठाई दुकान पर चूहे घूमते मिले:बिना लाइसेंस चल रही थी दुकान; फूड डिपार्टमेंट ने मावा-कलाकंद के लिए सैंपल
अजमेर में खाद्य सुरक्षा विभाग टीम ने नया बाजार क्षेत्र में अलग-अलग मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खजाने का नोहरा स्थित मोहनलाल माधोलाल दूधवाला की दुकान बिना फूड लाइसेंस के संचालित मिली। वहीं दुकान में मिठाइयां बेहद अनहाइजीनिक स्थिति में रखी थीं और उनके आसपास चूहे भी घूमते मिले। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए विभाग की टीम ने गुरुवार को यह कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर मौजूद खाद्य कारोबारी लक्ष्मीनारायण शर्मा को तत्काल फूड लाइसेंस के लिए आवेदन करने तथा अगले आदेश तक खाद्य कारोबार नहीं करने के लिए पाबंद किया। निरीक्षण के दौरान दुकान से मावा और कलाकंद के दो सैंपल जांच के लिए लिए गए। शिकायत के बाद दूसरी दुकान पर भी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर श्री लक्ष्मी स्वीट्स नया बाजार का भी निरीक्षण किया। यहां से कलाकंद और मक्खनबड़ा के दो नमूने लिए। निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम-2006 की धारा 32 के तहत नोटिस दिया। इसके अलावा नया बाजार स्थित हनुमान जी रसगुल्ले वाले की दुकान से रसगुल्ले का नमूना जांच के लिए लिया गया। लैब की रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई विभाग के अनुसार- सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई रक्षाबंधन तक लगातार जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar