crime
24 घंटे में चोरी गईं तीन बाइक ढूंढीं, दो गिरफ्तार:बस स्टैंड एरिया से चोरी हुईं; पुलिस ने 2 लाख 25 हजार के वाहन ढूंढे
धार जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच राजगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर चोरी हुई तीन बाइक बरामद की हैं। इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है। ये तीनों बाइक राजगढ़ के नया बस स्टैंड इलाके से चोरी हुई थीं। 15 सितंबर को श्रीमाया होटल के सामने खड़ी इन बाइकों को अलग-अलग समय पर चुराया गया था। लगातार तीन बाइक चोरी होने की खबर मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। फुटेज में दो लोग अलग-अलग बाइक ले जाते दिखे। इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसी आधार पर पुलिस टीम ने सोसाइटी मैदान के पास घेराबंदी की। वहां से दिनेश पिता डूंगर सिंह तड़वला (निवासी ग्राम फरटेडी, थाना राणापुर, जिला झाबुआ) और एक किशोर को पकड़ा गया। ये दोनों उस समय चोरी की दो बाइक को धक्का देकर ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों बाइक जब्त कर लीं। 2 लाख 25 हजार के वाहन वापस मिले पूछताछ में दिनेश ने बताया कि उसने राजगढ़ नया बस स्टैंड से एक और बाइक चोरी की थी। उसने यह बाइक मोहनखेड़ा हेलीपैड के पास छिपाकर रखी थी। पुलिस ने वहां पहुंचकर तीसरी बाइक भी बरामद कर ली। बरामद तीनों बाइक की कुल कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपए है। इनमें एक बजाज कंपनी की बाइक (करीब 95 हजार रुपए), एक हीरो होंडा डीलक्स (करीब 60 हजार रुपए) और एक अन्य हीरो होंडा डीलक्स (करीब 70 हजार रुपए) शामिल हैं। पुलिस ने दिनेश तड़वला को जेल भेज दिया है। किशोर के मामले में कानून के हिसाब से कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार के साथ उप निरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, नरेश कोटे, सहायक उप निरीक्षक सैयद अहमद, रईस पठान, आरक्षक जयेंद्र जादौन, दिलीप डुडवे और सैनिक जगदीश कच्छावा की खास भूमिका रही।
Read full article on Bhaskar