crime
20 मिनट तक भालू से लड़ा युवक, टांगी मारकर भगाया:पैर में लगी चोट, अनूपपुर के जंगल में लकड़ी बीनने गया था
अनूपपुर जिला मुख्यालय से महज 9 किलोमीटर दूर भोलगढ़ गांव के पिंजरहा धार जंगल में गुरुवार दोपहर सूखी लकड़ी बीनने गए एक युवक पर भालू ने हमला कर दिया। युवक ने अपनी सूझबूझ और हाथ में मौजूद टांगी के बल पर 15-20 मिनट तक संघर्ष कर भालू के चंगुल से अपनी जान बचाई। भोलगढ़ निवासी सुरेश धनुहार (35) अपने पड़ोसी लाला धनुहार के साथ दोपहर करीब 2:30 बजे जंगल में सूखी लकड़ी बीन रहा था। इसी दौरान झाड़ियों के पीछे छिपे भालू ने अचानक हमला कर सुरेश का बायां पैर अपने जबड़े में दबोच लिया। भालू युवक को घसीटने लगा और अपने नुकीले दांतों से पैर को बुरी तरह जख्मी कर दिया। टांगी से भालू के जबड़े पर किया वार दर्द से तड़पने के बावजूद सुरेश ने हिम्मत नहीं हारी और हाथ में मौजूद टांगी से भालू पर पलटवार किया। जब भालू के खींचने से वह जमीन पर गिरा, तो उसने टांगी के पिछले हिस्से से भालू के जबड़े पर जोरदार वार कर दिया। चोट लगते ही भालू युवक को छोड़कर झाड़ियों में भाग खड़ा हुआ। साथी की मदद से घर पहुंचे सुरेश को परिजन ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल और वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वर्ण गौरव सिंह को दे दी गई है।
Read full article on Bhaskar