crime
18.7 किलो गांजे के साथ हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार:कटनी के मुड़वारा स्टेशन के पास से पकड़ा, 1.85 लाख का गांजा बरामद
कटनी में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से हरियाणा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लगभग 1.85 लाख रुपए मूल्य का 18.748 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई 17 और 18 अगस्त की रात को हुई। थाना प्रभारी कोतवाली, निरीक्षक राखी पांडे ने सोमवार को इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम शहर में अपराधों की रोकथाम और संदिग्धों की जांच के उद्देश्य से मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान, मुड़वारा स्टेशन से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित फुट ओवर ब्रिज के पास एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर युवक घबरा गया और अपने बैग वहीं छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश यादव (उम्र 22 वर्ष) बताया, जो गुरुग्राम, हरियाणा के गदाईपुर का निवासी है। तलाशी के दौरान, दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग के भीतर से कुल 18 पैकेट गांजे के बरामद हुए। गांजे का कुल 18.748 किलोग्राम वजन निकाला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1,85,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने योगेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। सप्लाई चैन खंगालने में जुटी पुलिस थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि आरोपी मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है। वह यह गांजा कहां से खरीदकर लाया था और कटनी के रास्ते इसे कहां खपाने की योजना थी, इस संबंध में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से इस अवैध नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य बड़े तस्करों के नामों का भी खुलासा हो सकता है।
Read full article on Bhaskar