business
150 से ज्यादा अस्थाई अतिक्रमण, 7 व्यापारियों के काटे चालान:खंडा रोड पर तोड़े चबूतरे और शेड, सब्जी मंडी रोड पर 1400 रुपए वसूले
भिंड शहर के बाजारों में 150 से ज्यादा दुकानदार फुटपाथ पर कब्जा कर दुकानें चला रहे हैं। इसके बावजूद सोमवार को नगर पालिका की कार्रवाई कुछ स्थानों तक ही सीमित रही। खंडा रोड पर नाले के ऊपर बने चबूतरे और शेड तोड़े गए। रेलवे स्टेशन सब्जी मंडी रोड पर सात व्यापारियों के चालान काटकर 1400 रुपए वसूले गए। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया। जेसीबी लेकर खंडा रोड पहुंचा अमला सोमवार शाम करीब 4 बजे सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती नगर पालिका अमले के साथ खंडा रोड पहुंचे। उनके साथ जेसीबी और लोडिंग ट्रैक्टर भी था। जेसीबी देखकर व्यापारियों में हलचल मच गई। अमले ने नाले के ऊपर अतिक्रमण कर बनाए गए चबूतरे और शेड तुड़वा दिए। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने अधिकारियों और कर्मचारियों का विरोध किया। कार्रवाई के बाद नगर पालिका का अमला वहां से रवाना हो गया। सब्जी मंडी रोड पर 7 चालान काटे इसके बाद सीएमओ दल-बल के साथ रेलवे स्टेशन स्थित सब्जी मंडी रोड पहुंचे। यहां फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले एक व्यापारी का 200 रुपए का चालान काटा गया। इसके बाद सीएमओ वापस लौट गए। कर्मचारियों ने अन्य फुटपाथी व्यापारियों पर कार्रवाई जारी रखी। कुल सात चालान काटे गए और 1400 रुपए की वसूली हुई। सड़क पर चलने को मजबूर राहगीर शहर के मुख्य बाजारों से लेकर छोटे-बड़े मार्गों तक दुकानदारों ने फुटपाथ पर सामान सजा रखा है। इससे पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ता है। फुटपाथ पर कब्जे के कारण कई जगह यातायात भी प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बड़े व्यापारियों पर भी सवाल स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बड़े व्यापारी फुटपाथ पर जगह देकर छोटे दुकानदारों से रोजाना किराया वसूलते हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि केवल फुटपाथी दुकानदारों के चालान काटने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। फुटपाथ पर जगह देने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। डेढ़ घंटे में कुछ जगह ही कार्रवाई नगर पालिका का अमला दोनों बाजारों में करीब डेढ़ घंटे तक रहा। इस दौरान 150 से ज्यादा अतिक्रमणकारियों में से कुछ स्थानों पर ही कार्रवाई हो सकी। इसी वजह से कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पूरे बाजार में कार्रवाई की जाए, तभी फुटपाथ खाली हो सकेंगे। सीएमओ बोले- आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। शहर को अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर पालिका कार्रवाई करेगी।
Read full article on Bhaskar